
बिहार के बांका जिले में एक पति को अपनी पत्नी को तोहफे में मोबाइल फोन देना महंगा पड़ गया। मोबाइल फोन मिलने के बाद पत्नी प्रेमी संग फरार हो गई। पत्नी का जब कोई सुराग नहीं मिला तो पति ने थाने में FIR दर्ज कराई है।
जानिए क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पीड़ित पति नेपाल में रहकर काम करता है। पिछले कुछ दिनों से उसकी पत्नी उससे लगातार मोबाइल फोन की मांग करती थी। पति एक सप्ताह पहले जब घर आया तब उसने 20,000 रुपये की कीमत का स्मार्ट फोन पत्नी को गिफ्ट कर दिया और वापस वह नेपाल चला गया। इसके बाद उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। महिला तीन बच्चों की मां है।
पीड़ित पति ने बताया कि नेपाल पहुंचकर कुछ दिन के बाद जब फोन किया तो पत्नी का मोबाइल बंद आने लगा। उसके बाद अपने पड़ोसी को फोन किया तो पता चला कि वह गांव के ही एक लड़के के साथ भाग गई है। उसके बाद पति वापस अपने घर आ गया और इसकी सूचना अमरपुर थाने को दी।
जांच के बाद की जाएगी कार्रवाई
अमरपुर के थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि एक एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा, हमने जांच शुरू कर दी है लेकिन महिला व्यस्क है इसलिए कोई भी निर्णय लेने के लिए वह स्वतंत्र है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इधर, पीड़ित पति के परिजनों का कहना है कि महिला लगातार फोन से बात करती थी, जिसे लेकर कई बार झगड़ा भी हुआ था।
NEWS SOURCE : indiatv
