
गाजियाबाद जिले के मोदीनगर की एक कॉलोनी से दस दिन पूर्व संदिग्ध हालात में लापता हुई किशोरी को पुलिस ने शनिवार को बरामद कर लिया है। किशोरी को बंधक बनाकर अलग-अलग जगहों पर दुष्कर्म किया गया। किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर में दुष्कर्म और पॉस्को ऐक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।
जानकारी के अनुसार, मोदीनगर की एक कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय किशोरी 16 जनवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। लड़की के परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताते हुए मोदीनगर थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर किशेारी को तलाश करने के लिए तीन टीमों का गठन किया था। शनिवार सुबह पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया। एसीपी ने बताया कि सूचना के आधार पर किशोरी को बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि किशोरी द्वारा दिए गए बयान में कहा गया है कि उसे कई शहरों में ले जाया गया। इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया।
दुष्कर्म का विरोध करने पर मारपीट की गई : दुष्कर्म का विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। उन्होंने बताया कि किशोरी को मेडिकल टेस्ट के लिए भेज दिया गया है। जल्द ही उसके मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मुकदमे में दुष्कर्म और पॉस्को ऐक्ट की धारा बढ़ा दी गई है।
अश्लील हरकत करने की शिकायत
वहीं, गाजियाबाद के विजयनगर थानाक्षेत्र में रहने वाली विवाहिता ने ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया है। महिला ने अपने देवर पर अश्लील हरकतें करने तथा कपड़े फाड़ने का आरोप भी लगाया है। पुलिस का कहना है कि पति, सास और देवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। विजयनगर थानाक्षेत्र में रहने वाली विवाहिता का कहना है कि उसकी शादी फरवरी 2018 में जहांगीरपुरी दिल्ली निवासी राहुल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालियों ने दहेज की खातिर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
NEWS SOURCE : livehindustan
