
फरीदाबाद : डबुआ में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने कूड़े के ढेर में एक नवजात का शव मृत अवस्था में देखा। शव बच्ची की है। आशंका है कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने हत्यारों की जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
पुलिस के अनुसार उन्हें सूचना मिली कि मनीराम की टाल के पास कचरे में एक नवजात का शव पड़ा है। उसके गले में चुन्नी लिपटी है। सूचना मिलते ही मौके पर एसीपी समेत डबुआ थाना के प्रभारी विद्यानंद मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मौका मुआयना किया। थाना प्रभारी विद्यानंद ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची थी, उस वक्त बच्ची की मौत हो चुकी थी। बच्चे को किसने ने फेंका है, यह पता नहीं चल पाया है। लेकिन, पुलिस आरोपी तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
नवजात के सिर पर चोट के भी निशान प्रतीत हो रहे हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उसे जन्म के कुछ ही मिनटों में हत्या कर कूड़े की ढेर में फेका गया होगा। आशंका यह भी है कि लड़की होने के चक्कर में उसकी हत्या की गई होगी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के अस्पतालों से जानकारी जुटा रही है।
सूचना देने वाले को दिया जाएगा इनाम
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि इस मामले में सूचना देने वाले व्यक्ति को पुलिस की तरफ से 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा और सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच थाना की टीम समेत क्राइम ब्रांच की टीम भी कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
NEWS SOURCE : livehindustan
