
दिल्ली: थाना प्रेम नगर क्षेत्र में एक नौ वर्षीय से बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने स्वजन को पूरी घटना बताई। जिसके बाद स्वजन ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल कराने के बाद दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपित का पता लगा रही है। आरोप पड़ोस में रहने वाले डॉक्टर पर लगा है। मामला पुलिस में जाने के बाद से ही डॉक्टर व उसका परिवार फरार है। पुलिस इसका पता लगाने में जुटी हुई है। पीड़िता ने अपने स्वजन को बताया कि पड़ोस में रहने वाले डॉक्टर अंकल ने जबरन पहले मोबाइल पर गंदी वीडियो दिखाई। फिर कमरे में उसके साथ गलत काम किया।
परचून की दुकान पर गई थी बच्ची
बच्ची ने पुलिस के सामने बयान दिया कि बीते 12 मई को वह घड़ी के सेल लेने के लिए परचून की दुकान पर गई थी। परचून की दुकान के पास ही डॉक्टर अंकल की दुकान है। उन्होंने अपने पास बुलाकर जबरन फोन में गंदी वीडियो दिखाई। जिसके बाद कमरे में ले जाकर कोई दवाई भी खिलाई। कुछ समय बाद उसे डॉक्टर अंकल ने अपने घर भेज दिया। पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि बच्ची ने उस समय डर के कारण कुछ नहीं बताया। बीते बृहस्पतिवार की रात नौ बजे बेटी ने पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। जिसके बाद पति के साथ डॉक्टर के घर पर गए तो डॉक्टर ने माफी मांग ली थी। बाद में इस घटना की जानकारी जेठ को मिलने के बाद पीसीआर कॉल कर मामले की जानकारी पुलिस को दी।
संजय गांधी अस्पताल में किया गया मेडिकल
पुलिस ने बेटी का संजय गांधी अस्पताल में मेडिकल कराया। जिसमें घटना की पुष्टि होने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस बीच इसकी भनक डॉक्टर को लग गई। जिसके बाद डॉक्टर घर पर ताला लगाकर परिवार समेत फरार हो गया। पुलिस इसके पड़ोसियों व रिश्तेदारों से इसका पता लगा रही है। डॉक्टर के मोबाइल लोकेशन से इसका पता लगा रही है। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस कई पहलुओं से भी जांच कर रही है।
NEWS SOURCE : jagran
