
Haryana News: हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। करीब तीन महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सभी पार्टियों ने कमर कस ली है। वहीं चुनाव आयोग भी अपनी तैयारियों में जुट गया है। इसी बीच हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने शनिवार को बताया कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कुल 20,629 मतदान केन्द्र बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के बाद 2 अगस्त को सभी निर्धारित स्थानों पर राज्य के लिए प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वह सूची की गहन समीक्षा करें और 16 अगस्त तक किसी भी त्रुटि की सूचना संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी को दें।
उन्होनें बताया कि राज्य के सभी 22 जिलों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के इंजीनियरों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच की जा रही है। संशोधित मतदाता सूची तैयार करने के लिए 3, 4, 10 और 11 अगस्त की विशेष तारीख निर्धारित की गई हैं। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 27 अगस्त को होगा।
NEWS SOURCE Credit :chopaltv.com
