फरीदाबाद : फरीदाबाद के सेक्टर-48 में गीता निवास सोसायटी के सामने शराब के ठेके को लेकर स्थानीय महिलाएं एक बार फिर से लामबंद हो गई हैं। इस बाबत मंगलवार को महिलाएं हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुडा) के संपदा अधिकारी परमजीत चहल व सर्वे एसडीओ धर्मबीर वर्मा से मिली।
इसके बाद मौके पर गए एसडीओ धर्मबीर वर्मा ने अहाते के लिए चल रही चिनाई को रुकवा दिया। पता चला है कि ठेकेदार द्वारा अभी तक हुडा से ठेका खोलने से संबंधित अनुमति नहीं ली गई है। महिलाओं का कहना है कि ठेके की बगल में अहाते की चहारदीवारी बनाने का काम जोरों से चल रहा है।
स्थानीय निवासी एवं संस्कार फाउंडेशन की अध्यक्ष परमिता चौधरी ने बताया कि इस ठेके के खिलाफ गत वर्ष भी विरोध किया गया था। क्योंकि जहां ठेका है, वहां रिहायशी क्षेत्र है। महिलाओं का आना-जाना लगा रहता है। यदि ठेका व अहाता खुल गया तो महिलाएं अपने आपको असुरक्षित महसूस करेंगी।
इसलिए यहां ठेका नहीं खुलना चाहिए। उनके साथ राज शर्मा, मंजू आहूजा, अनीता शर्मा, महिमा मेहंदीरत्ता व गीता ने भी ठेके का विरोध किया। सेक्टर-48 में जहां शराब ठेका खुल रहा है, वहां हुडा की जमीन है। ठेका खोलने से पहले हुडा से अनुमति लेनी जरूरी है। इस मामले की जांच करेंगे। -धर्मबीर वर्मा, एसडीओ, सर्वे, हुडा।
