फरीदाबाद : मुजेसर क्षेत्र में लॉकडाउन के कारण बंद पड़ी एक फैक्ट्री का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये का माल चोरी कर लिया। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-56 निवासी आलोक तिवारी ने पुलिस को बताया है कि मुजेसर संजय कॉलोनी में उनकी फैक्ट्री है। लॉकडाउन के कारण 22 मार्च से फैक्ट्री बंद थी। 2 मई को जब उन्होंने फैक्ट्री खोली तो पता चला कि अंदर से पाइप, बैट्री, कॉपर तार, एल्युमीनियम सहित काफी सामान चोरी था।
आलोक का कहना है कि उन्होंने 2 मई को ही चौकी में शिकायत दे दी थी, मगर पुलिस ने उन्हें अपने स्तर पर सामान की तलाश करने के लिए कहा था। अब जब सामान नहीं मिला तो उन्होंने दोबारा पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
