
फरीदाबाद: फरीदाबाद में रफ्तार का खौफनाक खेल एक बार फिर सामने आया है। मुजेसर क्षेत्र के पास हाईवे पर देर रात दो लग्जरी कारों के बीच रेस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार में दौड़ रही मर्सिडीज और बीएमडब्ल्यू ने एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक करीब 50 मीटर दूर जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाइक के बाद खुद भी टकराईं कारें, घूम गई BMW और बनी कचूमर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों कारों के चालक हाईवे पर करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ियां दौड़ा रहे थे और आपस में रेस लगा रहे थे। इसी दौरान नियंत्रण बिगड़ने पर पहले बाइक को टक्कर लगी और फिर दोनों कारें आपस में भी टकरा गईं। आपस में भी कार इतनी तेज टकराई कि एक कार पूरी तरह घूम गई। दोनों कारों के सभी एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद दोनों कारों के चालक मौके पर गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त कारों को कब्जे में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह रही कि दोनों को गंभीर चोट नहीं आईं।
लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक लापरवाही और तेज रफ्तार में वाहन चला रहे थे। कारों के नंबर के आधार पर उनके मालिकों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दी जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर बढ़ती रफ्तार और स्टंटबाजी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय इस तरह की रेसिंग आम हो गई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
NEWS SOURCE Credit :jagran
