
फरीदाबाद: फरीदाबाद के जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल में जहां-जहां राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक की टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं का मूल्यांकन किया, वहां काफी हद तक सुधार नजर आ रहा है। जो जगह उनकी नजर में नहीं चढ़ी, वहां अब तक स्थिति ठीक नहीं है। नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग के प्रवेश द्वार पर कई जगह बिस्तर के आसपास पहले पंखे नहीं थे। अब वहां पंखे चालू हालत में हैं। हैरानी की बात है कि आपातकालीन विभाग के पिछले हिस्से में कोरोना संकट के दौर में जो अस्थायी रूप से कंटेनर वार्ड बनाया गया था, वहां मरीज गर्मी से परेशान हैं।
पंखे तो हैं लेकिन…
कहने को पंखे लगे हैं, मगर हवा गर्म है। एसी लगे हैं तो चलते नहीं हैंं। ऐसे में भर्ती मरीजों को बिस्तर छोड़ कर बाहर आना पड़ता है। मरीज व स्वजन ऐसी जगह बैठ रहे हैं, जहां पेड़ों की हवा मिल सके। बुधवार को कुछ ऐसी ही स्थिति नजर आई।
एसी लगा है पर नाम के लिए
बता दें कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक की टीम 27 व 28 अप्रैल को नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के मूल्यांकन के लिए आईं थीं। उनके आने से पहले ही अस्पताल की व्यवस्था को बेहतर करने के प्रयास किए गए थे। कई जगह नए पंखे लगाए गए। बिस्तर पर नई चादरें बिछाई गईं थी। टीम ने ओपीडी और आपातकालीन विभाग में जाकर मरीजों से भी बातचीत की थी। इसके बाद लापरवाह कर्मचारी भी यहां काम करते नजर आए।
यहां भी टीम आ जाती तो सुधर जाता अस्थायी वार्ड
रक्त की कमी से जूझ रही ओल्ड फरीदाबाद निवासी शीतल कंटेनर वार्ड में भर्ती हैं। इस वार्ड में दिखावे के तौर पर एसी लगा है, मगर चलता नहीं है। इसी वार्ड में पलवल निवासी ज्ञान चंद भी भर्ती हैं उनमें भी रक्त की कमी है। जांच में यह बात सामने आई कि प्लेटलेटस भी कम हैं। ज्ञान चंद के स्वजन ने बताया कि अधिकारियों को वार्डों में सुविधाएं बढ़ानी चाहिए। गर्मी में एसी चलाए जाने चाहिए। इसी तरह कई मरीजों ने कहा कि यहां भी टीम आ जाती तो वार्ड सुधर जाता।
मजबूरी में बाहर आ गए मरीज व स्वजन
एनआइटी दो नंबर निवासी छाती संक्रमण से पीड़ित कशिश को अस्थायी वार्ड में भर्ती कराया गया था। भीतर गर्मी में कशिश परेशानी हुई तो सास नीलम और ससुर पन्ना लाल कशिश को लेकर बाहर आ गए। पूरे अस्पताल में पंखे लगाए गए हैं। सभी एसी भी चालू हालत में हैं। फिर भी अगर कहीं कोई कमी रह गई है तो उसे दूर किया जाएगा। मरीजों को बेहतर सेवाएं दी जा रही हैं।-डॉ. जयंत आहूजा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी।
NEWS SOURCE Credit :jagran
