
गुरुग्राम के सेक्टर-83 में एलान मॉल के पास झाड़ियों में एक महिला की करीब 4 दिन पुरानी लाश मिली है। महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त थे। पुलिस को दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका है। मृतका की उम्र लगभग 40 साल लग रही है। लाश के फूलने के कारण चोट के निशान नहीं नजर आ रहे थे। पुलिस लाश की पहचान के लिए आसपास के लोगों और पड़ोसी जिलों से कर रही है। लाश के बारे में जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखने को कहा गया है।
शुरुआती जांच में महिला की उम्र लगभग 40 साल लग रही है और कई दिन पुराना होने की वजह से शव बहुत ज्यादा सूज गया है। पुलिस का कहना है कि शरीर के खराब होने के कारण यह साफ नहीं हो पाया है कि उस पर चोट के निशान हैं या नहीं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम एवं फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और दुष्कर्म की बात साफ हो पाएगी।
पुलिस ने आसपास के मजदूरों की बस्तियों, सोसाइटियों और आने-जाने वाले लोगों से महिला की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। महिला के बारे में जानकारी जुटाने के लिए अखबारों में विज्ञापन छपवाए जा रहे हैं। गुरुग्राम के नजदीकी जिलों जैसे दिल्ली, फरीदाबाद, झज्जर, रेवाड़ी और नूंह की पुलिस को भी खबर दे दी गई है ताकि वे अपने यहां की गुमशुदा महिलाओं का रिकॉर्ड चेक कर सकें। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि यदि किसी को इस महिला के बारे में कुछ भी पता हो या पिछले चार-पांच दिनों में उनके आसपास से कोई महिला गायब हुई हो तो वे तुरंत सेक्टर-10 थाने या सेक्टर-93 पुलिस चौकी को बताएं और जानकारी देने वाले का नाम बिल्कुल गुप्त रखा जाएगा।
वहीं फरीदाबाद के सेक्टर-15 पुलिस चौकी की टीम ने 17 वर्षीय गुमशुदा किशोरी को तीन दिन के भीतर बिहार के गया जिले से सकुशल बरामद कर लिया। युवती सात जून को घर से दूध लेने निकली थी और वापस नहीं लौटी थी। पुलिस के अनुसार सेक्टर-15 निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद किशोरी को तलाशने के लिए चौकी सेक्टर-15 प्रभारी उपनिरीक्षक ओम प्रकाश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम बिहार के गया जिले पहुंची और 10 जून को किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया।
NEWS SOURCE Credit : livehindustan
