
बल्लभगढ़: फरीदाबाद में मोहना एलिवेटेड मार्ग के बाधक बने अवैध निर्माण को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के दस्ते ने अर्थमूवर की मदद से तोड़ दिया। इन अवैध निर्माणों में कुछ ऐसे भी निर्माण थे, जिनके मालिकों ने कोर्ट से स्थगनादेश लिए हुए थे। काफी अवैध निर्माण ऐसे हैं जिन्हें दुकानदारों ने पैमाइश होने के बावजूद नहीं तोड़ा था। यहां पर राजस्व विभाग ने पंजाबी धर्मशाला से लेकर अस्पताल रोड तक दोनों तरफ 33-33 फुट की पैमाइश करके निशान लगा दिए। इन अवैध निर्माणों को काफी लोगों ने खुद ही तोड़ लिया। कुछ दुकानदारों ने कोर्ट से स्थगनादेश ले लिए थे और कुछ ने पैमाइश के बाद नहीं तोड़े थे।
पुलिस बल रहा मौजूद
पीडब्ल्यूडी ने इन अवैध निर्माणों को तोड़ने के लिए बृहस्पतिवार की रात को माइक से मुनादी करा दी। पीडब्ल्यूडी के दस्ता ने मुनादी के अनुसार शुक्रवार को दोपहर बाद दो बजे से अवैध निर्माणों को अर्थमूवर से तोड़ना शुरू कर दिया। तोड़फोड़ दस्ते का नेतृत्व पीडब्ल्यूडी के एसडीओ रामप्रकाश ड्यूटी मजिस्टे्रट के तौर पर कर रहे थे। उनके साथ कनिष्ठ अभियंता अरुण जैन और पुलिस बल मौजूद था।
उन दुकानदारों के अवैध निर्माण तोड़े हैं जिन्होंने खुद नहीं हटाए थे। ऐसे करीब 10 अवैध निर्माण तोड़े हैं। अभी भी कुछ अवैध निर्माण हैं, जिन्हें बाद में तोड़ा जाएगा। जिन दुकानदारों ने खुद अपने निर्माण तोड़ लिए, वह अच्छे रहे। कम से कम उनके निर्माण में किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ। अर्थमूवर से तो पूरा निर्माण हिल जाता है। इन दुकानदारों ने तोड़फोड़ नहीं की तो फिर विभाग को तोड़ना पड़ा है। – प्रकाशलाल, कार्यकारी अभियंता पीडब्ल्यूडी
NEWS SOURCE Credit : jagran
