
फरीदाबाद: अवैध कालोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग की टीम ने बसेलवा और कांवरा गांव के रेवेन्यू क्षेत्र में विकसित की जा रही चार अनधिकृत कालोनियों पर बुलडोजर चलाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई के दौरान कालोनियों में किए गए अवैध निर्माण, प्लाटिंग के लिए तैयार सड़क नेटवर्क और अन्य ढांचों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।
सड़क नेटवर्क भी उखाड़ा
विभाग के अनुसार बसेलवा गांव के रेवेन्यू क्षेत्र में करीब चार एकड़, तीन एकड़ और तीन एकड़ क्षेत्र में तीन अलग-अलग अवैध कालोनियां विकसित की जा रही थीं। वहीं कांवरा गांव में करीब दो एकड़ क्षेत्र में अनधिकृत कालोनी विकसित की जा रही थी। टीम ने चारों स्थानों पर पहुंचकर तोड़फोड़ की कार्रवाई की। अभियान के दौरान 20 डीपीसी, 18 बाउंड्रीवाल और छह स्ट्रक्चर ध्वस्त किए गए। इसके अलावा दो निर्माणाधीन वर्कशाप को भी गिरा दिया गया। अवैध कालोनियों में प्लाट काटने के लिए तैयार किया गया सड़क नेटवर्क भी जेसीबी से उखाड़ दिया गया।
भारी पुलिसबल तैनात
कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने प्लाटिंग करने वालों को भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने की चेतावनी दी। कार्रवाई के दौरान विरोध की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के अधिकारी यजन चौधरी भी मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की।
NEWS SOURCE Credit : jagran
