
पलवल : पलवल में CIA टीम ने मुठभेड़ के बाद पंजाब के 4 बदमाशों को काबू किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चंडीगढ़ में गन पॉइंट पर स्विफ्ट कार लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा, एक पिस्टल और बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट कार बरामद की है। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। DSP नरेंद्र खटाना ने मामले में कई अहम खुलासे किए हैं।
DSP मुख्यालय नरेंद्र खटाना ने बताया कि पलवल पुलिस को चंडीगढ़ पुलिस से सूचना मिली थी कि 8 अक्टूबर को चार बदमाशों ने गन पॉइंट पर एक स्विफ्ट कार लूट ली थी। सूचना के आधार पर सीआईए प्रभारी जगमिंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई।
तलाश के दौरान पुलिस टीम जब पृथला गांव के पास करियाकी की बनी में पहुंची, तो बिना नंबर प्लेट की एक स्विफ्ट कार दिखाई दी। पुलिस ने कार का पीछा कर उसे रुकवा लिया। इसके बाद कार से उतरे चारों युवक पास की बनी में भागने लगे। पुलिस के अनुसार, पीछा करने के दौरान दो आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने चेतावनी देते हुए हवाई फायर किया। इसी दौरान दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जबकि अन्य दो आरोपियों को मौके से काबू कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की, रोशन आचार्य, सन्नी और खुशप्रीत के रूप में की है। चारों आरोपी पंजाब के बरनाला के निवासी बताए गए हैं। डीएसपी के मुताबिक, आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। लक्की के खिलाफ पंजाब में एनडीपीएस और मारपीट सहित नौ मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रोशन आचार्य के खिलाफ आठ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं, सन्नी के खिलाफ तीन और खुशप्रीत के खिलाफ पांच गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
डीएसपी ने बताया कि रोशन आचार्य मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और फिलहाल बरनाला में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में लक्की और रोशन आचार्य के पैरों में गोली लगी है। आरोपियों से एक कट्टा, एक पिस्टल और बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट कार बरामद की गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि मामले में आगे की पूछताछ की जा सके।
NEWS SOURCE Credit : punjabkesari
