
कुरुक्षेत्र: भैया दूज के पावन पर्व पर कुरुक्षेत्र के गांव दबखेड़ी के समीप नहर में एक युवती का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नहर में शव तैरता दिखाई देने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तुरंत प्रसिद्ध गोताखोर प्रगट सिंह और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे गोताखोर प्रगट सिंह ने अपनी टीम की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद युवती के शव को नहर से बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक युवती की उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व शिनाख्त के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
युवती कहां की रहने वाली है और किन परिस्थितियों में उसका शव नहर तक पहुंचा, यह अभी तक रहस्य बना हुआ है। यह हादसा है, आत्महत्या या फिर कोई अनहोनी, पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है ताकि युवती की जल्द पहचान हो सके।
NEWS SOURCE Credit :punjabkesari
