
नौकरी की तलाश कर रहे बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे वसूलने वाले साइबर ठगी के एक बड़े रैकेट का दिल्ली की द्वारका साइबर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पटेल गार्डन इलाके में चल रहे एक फर्जी जॉब प्लेसमेंट ऑफिस का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य आरोपी सर्वेश कुमार को गिरफ्तार किया है। इस मामले में ऑफिस में काम करने वाली दो महिला HR कर्मचारियों को भी जांच में शामिल किया गया है।
नौकरी और यूनिफॉर्म दिलाने का देते थे झांसा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी और उसके सहयोगी नौकरी दिलाने के साथ-साथ यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने का लालच देकर नौकरी तलाशने वाले युवाओं से रजिस्ट्रेशन फीस वसूलते थे। इस फर्जीवाड़े का शिकार होने वाले लोगों को नौकरी मिलने की उम्मीद में पैसे जमा करने पड़ते थे, लेकिन फीस लेने के बाद उन्हें रोजगार नहीं दिया जाता था। जब पीड़ित नौकरी के बारे में जानकारी मांगते या संपर्क करने की कोशिश करते, तो उनके मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए जाते थे।
रोजाना 10 से 15 लोग पहुंचते थे ऑफिस
जांच में सामने आया है कि इस ऑफिस में रोजाना करीब 10 से 15 नौकरी तलाशने वाले लोग पहुंचते थे। पुलिस को आरोपी के चार बैंक खातों से देश के अलग-अलग हिस्सों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर आरोपी के बैंक खातों और मोबाइल नंबर से संबंधित कुल 9 शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
तीन मोबाइल फोन, 29 पर्चे और रजिस्टर बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन मोबाइल फोन, 29 पर्चे और एक अटेंडेंस रजिस्टर बरामद किया है। बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। वहीं, दोनों महिला HR कर्मचारियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत जांच में शामिल होने के लिए नोटिस दिया गया है। पुलिस अब इस रैकेट के जरिए ठगी का शिकार हुए लोगों की पहचान करने, बैंक खातों में हुए लेन-देन का पता लगाने और ठगी की कुल रकम का आकलन करने में जुटी है। इससे पहले, उत्तर प्रदेश के सोनभद्र पुलिस ने एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया था, जो विदेश में नौकरी दिलाने का झूठा लालच देकर लोगों के बैंक खाते खुलवाता था।
NEWS SOURCE Credit :indiatv
