
फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद में दो महिला पुलिसकर्मियों को अपने घर में बंद करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई विजय हिंदू की पत्नी गुड़िया की ओर से पल्ला थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2018 में विजय ने प्रीति नाम की एक अन्य महिला से शादी कर ली और इसके बाद विजय द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने के कारण वह (गुड़िया) अपने बच्चों के साथ अलग रहने लगी। गुड़िया ने शिकायत में बताया कि उसके और बच्चों के सर्दियों के कपड़े विजय के घर पर रखे हुए थे।
मंगलवार को गुड़िया दो महिला पुलिसकर्मियों के साथ अपने कपड़े लेने विजय के घर पहुंची थी। शिकायत में बताया गया कि इस दौरान विजय ने दोनों महिला पुलिसकर्मियों को एक कमरे में बंद कर दिया और काफी देर तक वे अंदर फंसी रहीं। दोनों ने थाने में फोन कर मदद मांगी, जिसके बाद उन्हें बाहर निकाला गया। गुड़िया की शिकायत के आधार पर पुलिस ने विजय, उसकी मां और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
NEWS SOURCE Credit :punjabkesari
