फरीदाबाद : पुलिसकर्मियों के लगातार कोरोना संक्रमित होने के मामलों ने पुलिस महकमे की चिता बढ़ा दी है। अब क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 के प्रभारी सहित 10 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित मिले हैं। सभी में कोरोना के मामूली लक्षण हैं, इसलिए उन्हें होम क्वारंटाइन किया गया है। अभी यह पता नहीं चल सका कि पुलिसकर्मियों में संक्रमण कहां से पहुंचा। तीन दिन पहले दो पुलिसकर्मियों में हल्का बुखार व खांसी के लक्षण मिले थे। जिसके बाद उनका कोरोना टेस्ट कराया गया। पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर सभी पुलिसकर्मियों को टेस्ट कराया गया। जिसमें 10 पुलिसकर्मी और संक्रमित मिले।
संक्रमित पुलिसकर्मियों में प्रदेश के कुख्यात ठग राजेश उर्फ कैंडी बाबा को गिरफ्तार करने वाली टीम भी शामिल है। सेक्टर-30 जिले की मुख्य क्राइम ब्रांच है। लूट, डकैती, मोस्ट वांटेड बदमाशों की धरपकड़ सहित अपराध के बड़े मामलों की जांच पड़ताल इस क्राइम ब्रांच के जिम्मे है। क्राइम ब्रांच के 0 पुलिसकर्मी संक्रमित मिलने से कई मामलों की जांच प्रभावित होगी। कुछ समय के लिए क्राइम ब्रांच में जांच पड़ताल का काम रोक दिया गया है। डीसीपी क्राइम ने इस क्राइम ब्रांच में चल रहे महत्वपूर्ण मुकदमों की फाइल दूसरी क्राइम ब्रांचों को ट्रांसफर कर दी हैं। अब तक करीब 150 पुलिसकर्मी संक्रमित :
जिले के विभिन्न थानों व चौकियों में अब तक करीब 150 पुलिसकर्मी संक्रमित हो चुके हैं। संजय कॉलोनी चौकी के दो पुलिसकर्मी संक्रमित मिले हैं। इसके बाद पूरी पुलिस चौकी को क्वारंटाइन कर सैनिटाइज कराया गया है। पल्ला थाना के 13 पुलिसकर्मियों के अलावा सेक्टर-31 थाना, सेक्टर-55 चौकी, ऊंचा गांव क्राइम ब्रांच और दयालबाग चौकी समेत विभिन्न थानों में तैनात पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से अधिकांश पुलिसकर्मी सावधानी बरतकर कोरोना को हरा भी चुके हैं।
