फरीदाबाद : कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) एक्सप्रेस-वे किनारे कार के बोनट पर रखकर खाना खा रहे पलवल के चार व्यापारियों पर फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने डंडे बरसा दिए। इससे एक व्यापारी की जेब में रखा मोबाइल टूट गया, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये है। यह घटना 27 जून रात करीब 11 बजे गांव मोहना के पास हुई। व्यापारियों ने अब एसीपी ट्रैफिक को शिकायत देकर डंडे मारने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
न्यू कॉलोनी पलवल निवासी दिनेश आहूजा ने पुलिस को बताया है कि वह यहां कपड़े का व्यापारी है। 27 जून की रात तीन साथी व्यापारियों सहित वे गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे थे। रास्ते में भूख लगी तो केजीपी पर किनारे कार रोक ली। कार के बोनट पर रखकर खाना खाने लगे। तभी ट्रैफिक पुलिस की पीसीआर वहां पहुंची। उसमें से जसवंत नाम का पुलिसकर्मी निकला और व्यापारियों को वहां से जाने की कहने लगा। वे लोग बात कर ही रहे थे कि पीसीआर में बैठा शमीम नाम का दूसरा पुलिसकर्मी हाथ में डंडा लेकर आ गया। उसने आते ही व्यापारियों से गाली-गलौज करते हुए पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए। डंडों से व्यापारियों को गुम चोटें आईं। वहीं दिनेश आहूजा की पैंट की जेब में रखा मोबाइल टूट गया। व्यापारियों ने अब एसीपी ट्रैफिक को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच कराई जाएगी। अगर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की गलती है तो संबंधित थाने को भेजकर कार्रवाई कराएंगे।
-जयपाल सिंह, एसीपी ट्रैफिक
