बल्लभगढ़: बरसाती मौसम को देखते हुए नगर निगम ने नालों की सफाई का काम जोरों पर करने का दावा किया है। यह दावे कितने सही हैं, इसकी सच्चाई परखने के लिए एसडीएम त्रिलोक चंद, भाजपा नेता टिपर चंद शर्मा, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता रवि शर्मा मुकेश कॉलोनी में आकाश सिनेमा के पीछे, महावीर कॉलोनी में और सेक्टर-64 में डिस्पोजल टैंक देखने पहुंचे। मुकेश कॉलोनी में दीवार को तोड़ कर सफाई की गई। महावीर कॉलोनी मे डेयरी संचालकों ने पशुओं के गोबर से नाले को भरा हुआ था। सेक्टर-64 में नाला कीचड़ से पूरी तरह भरा हुआ था और यहां पर चारों तरफ गाजर घास खड़ी हुई थी। एसडीएम त्रिलोक चंद ने अर्थमूवर मशीन से अच्छी तरह सफाई कराने के लिए कहा है, ताकि बारिश होने पर पानी की निकासी जल्द हो और शहरवासियों को परेशानी न हो। उनके साथ भाजपा नेता पारस जैन, अशोक शर्मा भी मौजूद थे।
