कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र के लाडवा इलाके के बड़शामी गांव के पास देर शाम सवारियों से भरी हुई एक बस पलट गई जिससे हादसे में 20 से ज्यादा सवारी घायल हुई है। वहीं हादसे के वक्त बस में 70 लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे की वजह बस का अनियंत्रित होना है, वहीं बस यमुनानगर से बिहार जा रही थी।
जानकारी के मुताबिक यमुनानगर के आसपास रह रहे बिहार के करीब 70 लोग अपने घर वापस जा रहे थे। सभी एक निजी डबल डेकर बस में सवार होकर जा रहे थे, लेकिन लाडवा के बड़शामी गांव के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई जिसके बाद वहां पर सवारियों की चीख पुकार ग्रामीणों को सुनाई दी।
जैसे ही ग्रामीणों ने घायल यात्रियों की चीख पुकार सुनी तो मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को बुलाया गया। ग्रामीणों ने बस से घायलों को निकाला और अस्पताल भेजा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें भी मौके पर पहुंच गई। इस घटना के बाद रोड पर लंबा जाम लग गया।


