नई दिल्ली : अक्षरधाम स्थित खेल गांव के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में बने 500 बेड के कोविड-19 केयर सेंटर का दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और एलजी अनिल बैजल ने संयुक्त रूप से किया। इस मौक पर एलजी ने कहा कि दिल्ली सरकार को इसके लिए बधाई कि सिर्फ 6 दिन के अंदर अच्छा कोविड केयर सेंटर बना दिया। यह कोरोना माहमारी से लड़ने से लड़ने में बहुत काम आएगा। वहीं, सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्वी जिला प्रशासन के अधिकारियों पर सरकार को गर्व है, पूर्वी जिले की बहुत घनी आबादी है। प्रशासन ने बहुत कम समय मे 500 बेड का केयर सेंटर तैयार कर दिया। दिल्ली में मरीज घट रहे हैं, लेकिन बेड कम नहीं किए जाएंगे। सरकार आगे की पूरी तैयारी रखेगी।
इससे पहले मंगलवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया इस कोविड-19 केयर सेंटर पहुंचे और यहां पर उपलब्ध कराई गई तमाम इंतजामों का जायजा लिया। बता दें कि पूर्वी जिले के जिलाधिकारी अरुण कुमार मिश्रा ने एसडीएम संजीव कुमार, संदीप दत्ता और जिले की चिकित्सा अधिकारी रेखा रावत की मदद से महज छह दिन में पांच सौ बेड का कोविड केयर सेंटर बना दिया है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस कार्य के लिए अधिकारियों की हौसला अफजाई की। इस सेंटर में महिला और पुरुष मरीजों के लिए अलग-अलग वार्ड हैं। यहां 80 बेड की हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) भी बनाई गई है। यह आइसीयू का छोटा भाग होता है। इसमें ऑक्सीजन सिलेंडर सहित कई सुविधाएं हैं।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने यह भी कहा कि बुधवार से 500 बेड का कोविड केयर सेंटर में कोरोना के मरीज भर्ती होने भी शुरू हो जाएंगे। यहां पर कम लक्षण वाले मरीजों को इस सेंटर में भर्ती किया जाएगा। यदि किसी मरीज में लक्षण ज्यादा नजर आते हैं तो उसे एचडीयू में भर्ती किया जाएगा। डॉक्टर फोर यू एक डॉक्टरों का संगठन है, इस संगठन से जुड़े 80 डॉक्टर यहां अपनी सेवाएं देंगे। सेंटर में मरीजों को चप्पल, तौलिया व अन्य सामान सरकार देगी।
बता दें कि दिल्ली में मंगलवार को 24 घंटे के दौरान 2008 नए मामले सामने आए, इसके बाद राज्य में कुल मरीजों की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई है।
