नई दिल्ली – दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने मंगलवार को दिल्ली विकास प्राधिकरण (Delhi Development Authority) यानी डीडीए की बैठक की। मीटिंग में डीडीए के सदस्य समेत अन्य बड़े अधिकारी मौजूद रहे। एलजी ने ट्वीट कर बताया कि एफएआर शुल्क का भुगतान की अवधि 31 दिसंबर 2020 तक बढ़ा दी है।
इसके अलावा आवास परियोजनाओं में 50 फीसद ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की बिक्री के लिए डबल स्टांप शुल्क से बचने के लिए सरल प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
पर्यावरण की रक्षा में सभी का साथ जरूरी : एलजी
वहीं, उपराज्यपाल अनिल बैजल ने सोमवार को आम का पौधा लगाकर इस वर्ष के पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने दिल्लीवासियों से राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सक्रिय भागीदारी का आग्रह करते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा में सभी का साथ जरूरी है। दिल्ली सरकार ने इस वर्ष 30 लाख से ज्यादा पौधे लगाने लक्ष्य रखा है जिसमें दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा 10 लाख पौधारोपण भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण के तहत फलदार प्रजातियों व जडी़-बूटियों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पौधारोपण के बाद उसका संरक्षण करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि पेड़-पौधे पृथ्वी के अस्तित्व के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। वे हमें जीवनदायी ऑक्सीजन देते हैं, वायु गुणवत्ता में सुधार करते हैं, मिट्टी संरक्षित करते हैं, वन्य-जीवन में सहायक होते हैं एवं हमारे पर्यावरण को जीवंत भी रखते हैं।
इस अवसर पर उपराज्यपाल ने एक बार फिर सभी स्कूली बच्चों, युवाओं, बुजुर्गो, आरडब्ल्यूए, गैर सरकारी संगठनों और समाज के सभी वर्गो से अपील की कि सभी आगे आएं तथा वन विभाग की नर्सरियों से नि:शुल्क पौधे प्राप्त कर दिल्ली को स्वच्छ एवं हरित बनाने के लिए पौधे लगाकर उनका पोषण भी करें।
सिसोदिया ने लगाया बरगद का पौधा
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एनएच 24 पर यमुना किनारे बरगद का पौधा लगाया। उन्होंने भी इस अवसर पर दिल्ली वासियों से अधिकाधिक पौधे लगाने की अपील की। इस दौरान दिल्ली के प्रधान मुख्य वन संरक्षक ईश्वर सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
