नई दिल्ली – सुरक्षा गार्ड की बहादुरी के चलते ओखला औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने रविवार रात एक लुटेरे को गिरफ्तार किया है। आरोपित की शिनाख्त सुरेश निवासी तुगलकाबाद एक्सटेंशन के रूप में हुई। उसके कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल व एक बाइक बरामद की गई है। बहादुरी दिखाने वाले सुरक्षा गार्ड राधा कृष्ण का हौसला बढ़ाने के लिए डीसीपी दक्षिणी पूर्वी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने उन्हें प्रोत्साहन पत्र व दो हजार रुपये का नकद इनाम देकर सम्मानित किया।
डीसीपी दक्षिणी पूर्वी ने बताया कि तुगलकाबाद में रहने वाले राधा कृष्ण साउथ एक्स इलाके में बतौर सुरक्षा गार्ड ड्यूटी करते हैं। रविवार रात करीब 9:45 बजे वह ड्यूटी पर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि ओखला फेस-2 के पास बाइक सवार तीन लुटेरों ने उनसे मोबाइल लूट लिया और भागने लगे। सुरक्षा गार्ड डरे बिना शोर मचाते हुए आरोपितों के पीछे दौड़ लिए।
अमर कॉलोनी थाना पुलिस ने तीन चोर दबोचे
अमर कॉलोनी थाना पुलिस ने रविवार रात तीन चोरों को गिरफ्तार किया। आरोपितों की पहचान शिवम व अजय निवासी ईस्ट ऑफ कैलाश व अजहर मलिक निवासी सराय काले खां के रूप में हुई। आरोपितों के कब्जे से नकदी, जेवर, तीन एलईडी, एक कार, एक बाइक व 20 स्मारक सिक्के बरामद किए गए हैं। डीसीपी दक्षिणी पूर्वी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदातें हो रही थी। एसएचओ अमर कॉलोनी अनंत कुमार गुंजन के नेतृत्व में चोरों की तलाश के लिए टीम गठित की गई।
हादसे में बुजुर्ग ऑटो चालक की मौत
उधर, मध्य जिला के डीबीजी रोड थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बुजुर्ग ऑटो चालक की मौत हो गई। चालक की पहचान 64 वर्षीय सुभाष चन्द्र के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक सुभाष चन्द्र परिवार के साथ सराय रोहिल्ला इलाके में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं।
सुभाष चन्द्र लंबे समय से ऑटो चला परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। रविवार शाम वे खाली ऑटो लेकर न्यू रोहतक रोड क्रासिंग से गुजर रहे थे। जैसे ही वे रेड लाइट के समीप पहुंचे एक तेज रफ्तार वाहन ने सामने से उनके ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से ऑटो पलट गया और चालक को गंभीर चोटें आईं।
