फरीदाबाद : सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में जेसीबी कंपनी के सामने बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक को पिस्टल दिखाकर दो नकाबपोश बदमाशों ने 1.20 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। पैसे निकलवाने का बहाना बनाकर वे सेवा केंद्र में घुसे और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह ग्राहक सेवा केंद्र पिटू नाम के युवक का है। पिटू ने बताया कि वह विभिन्न बैंकों से जुड़ा है। ग्राहकों के खाते में रुपये ट्रांसफर करने व निकालकर देने का काम करता है। शुक्रवार को वह सेवा केंद्र पर मौजूद था। तभी दो नकाबपोश युवक अंदर घुस गए। उन्होंने आधार कार्ड के जरिये अपने खाते से दो हजार रुपये निकाले के लिए कहा। जब तक पिटू कुछ समझ पाता उनमें से एक ने कट्टा निकालकर उसकी कमर पर लगा दिया। दोनों ने गल्ले में रखे रुपये मांगे। घबराए पिटू ने गल्ले में रखे 1.20 लाख रुपये उन्हें सौंप दिए।
रुपये लेकर बदमाश अपनी मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। सेक्टर-58 थाना पुलिस का कहना है कि बदमाशों की तलाश में टीमें जुट गई हैं। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
