फरीदाबाद : एनआइटी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में झगड़े के दौरान बहू ने सास को धक्का दे दिया। इससे वह बेड पर गिर पड़ी और मौत हो गई। पुलिस ने ससुर की शिकायत पर बहू के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यहां भगत सिंह कॉलोनी निवासी सत्यपाल ने पुलिस को बताया है कि उसके बड़े बेटे की शादी बरखा के साथ साल 2000 में हुई थी। बरखा व उसकी सास सुदर्शन के बीच मकान के बंटवारे को लेकर रार कई दिन से चल रही थी। शाम को बरखा और सुदर्शन के बीच झगड़ा हो गया। उस वक्त सत्यपाल घर के बाहर खड़े होकर किसी से फोन पर बात कर रहे थे, तभी उन्हें चीखने की आवाज सुनाई दी। वे अंदर गए तो कमरे में सुदर्शन बेड पर अचेत पड़ी थी। सत्यपाल के मुताबिक वहां मौजूद पोते ने उन्हें बताया कि मम्मी बरखा ने दादी को तेज धक्का देकर बेड पर गिरा दिया। सुदर्शन को लेकर सत्यपाल तुरंत बादशाह खान अस्पताल पहुंचे।
डॉक्टरों ने जांच के बाद सुदर्शन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल में रखवाया है। बरखा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सुदर्शन के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। ऐसे में मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
