फरीदाबाद : मोबाइल काल पर लोगों को ‘पहचान कौन’ बोलकर खाते साफ करने वाले तीन बदमाश साइबर अपराध शाखा के हत्थे चढ़े हैं। आरोपितों की पहचान पुन्हाना, नूंह निवासी मुबारिक, वसीम और नगीना निवासी मुस्तफा के रूप में हुई है। आरोपित पहले काल करते हैं और उससे पूछते हैं कि ‘पहचान कौन?’ काल उठाने वाला व्यक्ति आवाज से पहचानकर अपने किसी दोस्त, रिश्तेदार या परिचित का नाम लेता है। वह जिसका नाम लेता है, ठग वही बनकर बात शुरू कर देते है।
बातों ही बातों में कोई बहाना करके कहते हैं कि उसके खाते में रुपये भेज रहा है और लिक पर क्लिक करने को कहते हैं। दूसरी तरफ वाला व्यक्ति जैसे ही लिक क्लिक करता है, उसके खाते से रुपये साफ हो जाते हैं। आरोपितों ने आइपी कालोनी निवासी श्रुति शर्मा को भी ऐसे ही जाल में फंसाकर 37 हजार रुपये खाते से उड़ा लिए थे। इसी मामले की जांच करते हुए पुलिस आरोपितों तक पहुंची। आरोपितों ने श्रुति शर्मा को उनके पिता का परिचित राकेश बताकर काल की थी। मामले को सुलझाने में साइबर अपराध शाखा प्रभारी बसंत कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि आरोपितों से अन्य वारदातों को भी सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
