अवैध पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों के लिए बड़ी खबर है। हरियाणा सरकार अब अवैध पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान काटेगी। अब आप कहेंगे इसमें नई बात क्या है ? तो जनाब बात ये है कि पुलिस ड्रोन की मदद से वाहनों पर नजर रखेगी और अवैध खड़े वाहनों के चालान काटेगी। दरअसल, कैथल पुलिस ने इसकी शुरुआत कर दी है। अवैध पार्किंग के साथ सड़कों पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर भी नकेल कसी जाएगी।
दरअसल, कैथल में सड़कों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण बहुत ज्यादा होता है। इसके लिए नगर परिषद और ट्रैफिक पुलिस समय-समय पर अभियान चलाती रहती है। लेकिन इससे सभी के चालान करने संभव नहीं हो पाते। क्योंकि जैसे ही अभियान शुरू होता है कुछ ही दुकानदार पकड़े जाते हैं, बाकी सामान अंदर रख लेते हैं।
अब पुलिस ने नया तरीका ढूंढ निकाला है, ऐसे में अब ड्रोन से चालान काटे जाएंगे। वहीं, सड़क पर अवैध वाहनों की पार्किंग भी बड़ी समस्या है। लोग वाहन खड़े करके कई-कई घंटे तक गायब हो जाते हैं। इससे जाम लग जाता है। सड़कों पर जगह न के बराबर रह जाती है।
अब कैथल पुलिस ड्रोन के रूप में एक नया प्रहरी ले आई है जो निगरानी रखेगा और अवैध पार्किंग करने वालों व अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर नकेल कसने का काम किया जाएगा। ड्रोन की मदद से बनाई गई वीडियो और फोटो के आधार पर पोस्टल चलान भेजे जाएंगे, जिससे अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से निजात दिलाने का काम करेगा।
