फरीदाबाद : एनआईटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज शर्मा ने बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र की व्हर्लपूल चौक से लेकर एनआईटी विधानसभा क्षेत्र के सारन चौक की ओर जाने वाली सडक़ की जर्जर हालत को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। उन्होंने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री को बताया कि पिछले कई सालों से इस सडक़ की हालत बिल्कुल जर्जर है। जबकि यह सडक़ एनआईटी विधानसभा में आने का मुख्य रास्ता है और रोजाना हजारों नौकरी पेशा कर्मचारी, स्कूल की बसें एवं आमजन यहां से गुजरते हैं। मगर, सडक़ की जर्जर हालत के चलते यहां पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। नीरज शर्मा ने पत्र में बताया है कि यह सडक़ एचएसआईआईडीसी के द्वारा बनाई जानी थी। एचएसआईआईडीसी ने इस सडक़ व अन्य सड़कों के निर्माण का कार्य गोपाल कंस्ट्रक्शन को दे दिया। जिसके बाद सरकार एवं प्रशासन के संज्ञान में आया कि उक्त सडक़ के निर्माण का जो टैंडर दिया गया है, वह काफी महंगा दे दिया गया है।
जिसके बाद एचएसवीपी द्वारा इसका पुन: टैंडर छोड़ा गया, जिसके बाद इस सडक़ एवं अन्य सडक़ को बनाने का कार्य किसी अन्य कंपनी को दे दिया गया। यह टैंडर पिछले टैंडर से जोकि गोपाल कंस्ट्रक्शन के पास था, उससे 41.5 करोड़ रुपए कम था। नया टैंडर दिए जाने के बाद गोपाल कंस्ट्रक्शन ने माननीय उच्च न्यायालय पंजाब एण्ड हरियाणा चंडीगढ़ में उक्त मामले में केस डालकर स्टे ले लिया। तब से यह मामला उच्च न्यायालय, चंडीगढ़ में विचाराधीन है। एनआईटी विधायक ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे स्वयं इस मामले में हस्तक्षेप कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दें और इस केस को जल्द से जल्द निपटाकर कार्यवाही अमल में लाएं और इस सडक़ का निर्माण कार्य शुरू करवाएं, ताकि क्षेत्र की लाखों जनता की परेशानी का समाधान किया जा सके। नीरज शर्मा ने उक्त पत्र की एक कॉपी विधायक बल्लभगढ़ एवं कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा को भी प्रेषित की है।
