फरीदाबाद : कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से संक्रमित मरीजों को भर्ती करने के लिए डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इन कोविड केयर केंद्रों पर व्यवस्थाओं की पड़ताल की दैनिक जागरण संवाददाता ने। खेड़ीकलां गांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बनाए गए कोविड सेंटर में संक्रमित अपने कमरे में रहने की बजाय खुले में घूमते, कपड़े धोते, नहाते और आराम फरमाते नजर आए। जबकि स्वास्थ्य कर्मचारी अंदर आराम से बैठकर चाय पीते हुए दिखाई दिए। कोरोना संक्रमितों द्वारा ऐसा खिलवाड़ अन्य स्वस्थ लोगों के लिए खतरा बन सकता है। बाहर खुले में बैठे रहते हैं
कोविड केयर सेंटर को स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य है कि संक्रमितों को अन्य स्वस्थ लोगों से दूर रखना है। लेकिन खेड़ीकलां के कोविड केयर सेंटर में कोरोना संक्रमितों से मिलने आने वालों से पूछताछ करने के लिए सुरक्षाकर्मी को भी नियुक्त नहीं किया गया है। स्वजन कोविड सेंटर तक पहुंच जाते हैं। वहीं ग्रामीणों की माने तो, शाम को कोरोना के मरीज बाहर घूमने निकल जाते हैं। टीकाकरण और कोरोना जांच होती है आसपास खेड़ीकलां स्वास्थ्य केंद्र में शिशुओं का टीकाकरण व टीबी यूनिट के पास ही कोरोना संदिग्धों की जांच हो रही है। संदिग्ध सुबह नौ बजे से लाइन में खड़े थे, लेकिन 11 बजे तक टेस्ट शुरू नहीं हो पाए थे। इन संदिग्धों में कई मरीज पाजिटिव भी आते हैं। यह लोग शिशुओं और टीबी के मरीजों के संपर्क में भी आ रहे हैं। इससे कोरोना का संक्रमण शिशुओं से टीबी के मरीजों में भी फैलने का खतरा बढ़ गया है, जबकि नियमानुसार कोरोना संदिग्धों की जांच बिल्कुल अलग होनी चाहिए। संक्रमित टीबी यूनिट पर आकर अपनी रिपोर्ट के बारे में पूछते हैं। ओपीडी रजिस्ट्रेशन का है एक ही काउंटर

सरकार के स्पष्ट निर्देश है कि फ्लू ओपीडी का रजिस्ट्रेशन काउंटर अलग होना चाहिए, लेकिन खेड़ीकलां स्वास्थ्य केंद्र में फ्लू के मरीजों के लिए अलग से कोई काउंटर नहीं बनाया गया है। सामान्य मरीजों के साथ ही ओपीडी रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। दो घंटे इंतजार के बाद नंबर आया है। साढ़े दस बजे तक सैंपलिग नहीं शुरू हुई थी। कर्मचारी अंदर बैठकर आराम से चाय पी रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग कोरोना को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं दिख रहा।
-संजय कुमार, खेड़ी कलां एक-दो घंटे लोगों को खड़ा रखना खतरनाक साबित हो सकता है। इस भीड़ में कुछ पाजिटिव भी निकलेंगे। उनके संपर्क में स्वस्थ लोगों के आने से वह भी संक्रमित हो सकते हैं।
-अश्विन मक्कड़, ग्रेटर फरीदाबाद। कोविड नियमों को और सख्ती से पालन करने के निर्देश जारी किए जाएंगे। कोरोना के मरीजों तक सामान्य लोग नहीं पहुंच सकें, इसके लिए सुरक्षाकर्मी की नियुक्ति भी की गई है। कोरोना के मरीजों की जांच अलग व्यवस्था भी की जाएगी।
-डा. रणदीप सिंह पूनिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
