फरीदाबाद : एनआइटी-3 के एक निजी अस्पताल के पास खड़ी कार में अचानक आग लग गई। हालांकि किसी के झुलसने की सूचना नहीं है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। एनआइटी-5 के सहायक फायर स्टेशन अधिकारी रमेश कुमार ने कहा कि सोमवार की दोपहर कंट्रोल रूम से कार में आग लगने की सूचना मिली थी। कार मुनमुनपाल सेन के नाम पर पंजीकृत है। कार भीड़भाड़ वाले स्थान पर खड़ी थी तभी इंजन से धुआं उठने लगा। अचानक आग की लपटें निकलने लगी और देखते ही देखते कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जल गया। उधर, कार में आग लगते ही आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। इससे आग का प्रभाव कुछ कम हो गया। बाद में अग्निशमन विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग को बुझा दिया गया।
