बल्लभगढ़ : जननायक जनता पार्टी (जजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं फरीदाबाद के पार्टी प्रभारी अंतराम तंवर ने बताया कि अगले 10 दिन में पार्टी की नई कार्यकारिणी की घोषणा होगी। नई कार्यकारिणी के गठन का काम लगभग पूरा हो चुका है। नई कार्यकारिणी में मामूली परिवर्तन हुआ है। जो नए और अच्छी मेहनती कार्यकर्ता पार्टी में शामिल हुए थे, उन्हें समायोजित किया जा रहा है। इससे पार्टी और अधिक मजबूत होगी।
तंवर यहां अनाज मंडी में इनसो के 24 वर्ष पूरे होने पर आयोजित रक्तदान शिविर के मौके पर जजपा की तरफ से बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इनसो छात्रों का संगठन है, जो काफी मजबूती से काम कर रहा है। रक्तदान मानव कल्याण के लिए जरूरी है। उन्होंने बरोदा विधानसभा उपचुनाव को लेकर इनेलो पर तंज कसा कि कुछ लोगों ने अपनी पार्टी के उम्मीदवार अभी से मैदान में उतार दिए हैं, जबकि निर्वाचन आयोग ने अभी तक उपचुनाव की तिथि तक तय ही नहीं की है। इनेलो ने अर्जुन चौटाला को अपना प्रत्याशी बनाया है। तंवर ने कहा कि बरोदा उपचुनाव में भाजपा-जजपा गठबंधन के प्रत्याशी की ही जीत होगी। इस मौके पर उनके साथ पार्टी के प्रदेश महासचिव धर्मपाल यादव, जिला अध्यक्ष ठाकुर राजाराम, तेजपाल डागर, पार्षद दीपक चौधरी, बेगराज नागर, सुरेंद्र अत्री, मनोज गोयल, ललित बंसल मौजूद थे।
