फरीदाबाद : शहर में ग्रीन बेल्ट की खस्ता हालत किसी ने छिपी नहीं है। ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण व कब्जों की भरमार है। जहां पौधे होने चाहिए, वहां कुछ और ही हो रहा है। नगर निगम व हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की उदासीनता से हालात सुधर नहीं रहे हैं। सेव अरावली ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने इस बाबत वन मंत्री कंवर पाल गुर्जर से शिकायत की है। वन एवं पर्यटन मंत्री 15 अगस्त को ध्वजारोहण के लिए आए थे। सर्किट हाउस में सेव अरावली ट्रस्ट के पदाधिकारियों जितेंद्र भडाना, संजय राव बागुल, भगेंद्र भडाना ने वन मंत्री से मुलाकात करते हुए बताया कि ग्रीन बेल्ट पर पौधारोपण करने में कब्जे व अतिक्रमण रोड़ा बने हुए हैं। इस पर मंत्री ने कहा कि वह इस बारे में सभी विधायकों से बात करेंगे और ट्रस्ट का पूरा सहयोग किया जाएगा। पदाधिकारियों ने मंत्री को भरोसा दिलाया कि यदि प्रशासन का साथ मिल जाए तो वह जिले में वन क्षेत्र को काफी बढ़ा सकते हैं। मंत्री ने पदाधिकारियों द्वारा किए जा रहे काम की सराहना की और कहा कि यदि इस दौरान कोई दिक्कत आए तो वे उन्हें काल कर सकते हैं।
