चौटाला रोड सेक्टर-29 स्थित मित्तल इंटरनेशनल फैक्ट्री में मास्क न पहनने पर हुई कहासुनी में सिक्योरिटी गार्डों ने ठेकेदार को दौड़ा-दौड़ा कर डंडों से पीटकर बेहोश कर दिया। पुलिस ने एक आरोपित को काबू कर लिया है।
नारायणा गांव के अमित ने बताया कि उसका मित्तल फैक्ट्री में पैकिंग व क्लिपिंग का ठेका है। वह कामगारों को लेकर फैक्ट्री गया था। गेट पर खड़े गार्ड कर्मबीर ने उसे कहा कि मास्क लगाओ। उसने तुरंत मुंह पर रुमाल बांध लिया था। वह अंदर जाने लगा तो गार्ड ने उसे रोक दिया और अंदर जाने से रोका दिया। उसने बताया कि वह ठेकेदार है और उसकी सीधी एंट्री है। गार्ड ने उसे धक्का देकर लाइन में खड़ा कर दिया। फिर उसे बोला कि घूर क्यों रहे हो। गार्ड उसे खींचकर गेट के बाहर ले गया और थप्पड़ मारा।
उसने भी थप्पड़ मार दिया और भाग लिया। वह एक किलोमीटर तक भागा और बाग में घुस गया। कर्मबीर व अन्य 10-12 अन्य गार्डों ने उसे घेर लिया। वह दौड़ते हुए थक कर गिर गया। गार्डों ने उसे डंडों से पीट-पीटकर बेहोश कर दिया। उसे होश आया तो फैक्ट्री के गेट पर पहुंचा। इसी दौरान किसी राहगीर ने पुलिस को कॉल कर दी। पुलिस ने कपूरा नामक गार्ड को पकड़ लिया और अन्य गार्ड फैक्ट्री में घुस गये। घायल अमित को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
