फरीदाबाद : आशा वर्कर यूनियन ने बुधवार को बादशाह खान अस्पताल के प्रांगण से नीलम चौक तक हाथों में छतरी लेकर रैली निकाली। नगर निगम चौक पर आशा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की। यूनियन की मांग है कि आशा कार्यकर्ताओं को नियमित किया जाए, साथ ही स्वास्थ्यकर्मी का दर्जा दिया जाए। आशा कार्यकर्ताओं की हड़ताल 13 दिन से चल रही है। रैली निकालने से पहले यूनियन की ओर से अस्पताल परिसर में सभा की गई। यूनियन की प्रधान हेमलता ने सभा की अध्यक्षता की। इस अवसर पर सीटू के जिला प्रधान निरंतर पराशर तथा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह डंगवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभा को सचिव सुधा पाल, रेखा शर्मा, नीलम जोशी, अनीता भारद्वाज, शीला चौधरी, पूजा गुप्ता तथा पूजा ठाकुर ने भी संबोधित किया।
