फरीदाबाद : कोरोना संकट के दौर में जिले में खूब बिजली चोरी हुई है। अधिकांश मामलों में लोगों ने कुंडी कनेक्शन का खेल करके बिजली चोरी की और निगम को मोटा चूना लगाया। अब पकड़ में आए हैं, तो जुर्माना भरना पड़ रहा है। जून, जुलाई और अगस्त (27 अगस्त तक) में बिजली चोरी के 1521 मामले सामने आए हैं। बिजली चोरी के कुल मामलों में 8.36 करोड़ जुर्माना किया गया है। बिजली चोरी के सर्वाधिक मामले बल्लभगढ़ के हैं। बल्लभगढ़ में बिजली चोरी के 552 मामले आए हैं।
बता दें कि बिजली निगम के उच्च अधिकारियों ने कोरोना संकट के दौरान मई में ही बिजली चोरी अभियान को तेज करने के आदेश दिए थे। इसके बाद अधीक्षण अभियंता नरेश कक्कड़ ने सभी एसडीओ और जेई को आदेश जारी कर दिए थे कि वे अपनी-अपनी टीमें बनाकर बिजली चोरी के खिलाफ अभियान को गति दें।
अधीक्षण अभियंता नरेश कक्कड़ के आदेश के बाद कभी तड़के तो कभी देर रात कोरोना संकट में सभी एसडीओ, जेई लाइनमैन के साथ बिजली चोरी पकड़ने को जुट गए। मई में तो अधिक मामले नहीं आए थे, लेकिन जून में 221 मामले पकड़ में आए थे। बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। हमने करीब 40 फीसद जुर्माना राशि वसूल कर ली है। बिजली चोरी के मामले में जो लोग जुर्माना राशि जमा नहीं कराएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-नरेश कक्कड़, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम। तीन महीने का बिजली चोरी और जुर्माना राशि का ब्यौरा
-महीना, मामले, जुर्माना राशि -जून-221-1.13 करोड़ रुपये
-जुलाई-740-3.70 करोड़
-अगस्त-560-3.53 करोड़
