फरीदाबाद : पल्ला थाना क्षेत्र की शिव कॉलोनी में शराब के लिए पैसे नहीं देने से गुस्साए पति ने सिर पर ईंट मारकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद खुद फोन करके पड़ोस में रहने वाली अपनी मामी को सूचना दी व कमरे पर ताला लगाकर फरार हो गया।
मृतका का नाम ज्योति, जबकि आरोपित का नाम अजय है। पड़ोस में रहने वाली मामी रूबी ने बताया कि भांजे अजय व ज्योति की शादी छह साल पहले हुई थी। वे मूलरूप से बेगूसराय बिहार के निवासी हैं। उनका चार साल का एक बेटा है, जो दादा-दादी के पास बिहार में रहता है। अजय मजदूरी करता है और ज्योति घरों में सहायिका का काम करती थी। अजय शराब का लती है। इस कारण ज्योति के साथ उसका आए दिन झगड़ा होता था।
बृहस्पतिवार की दोपहर अजय ने फोन करके रूबी को बताया कि उसने ज्योति को मार दिया है। रूबी दौड़ते हुए उनके कमरे पर पहुंची तो दरवाजे पर ताला लगा था। उसने पुलिस को सूचित किया। पुलिस पहुंची और ताला तोड़कर अंदर देखा तो ज्योति का शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा था।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। साथ ही अजय को थोड़ी देर बाद ही पुलिस ने दबोच लिया। उसने बताया कि ज्योति से शराब के लिए रुपये मांगे थे, उसने नहीं दिए। गुस्से में अजय ने वहां पड़ी ईंट उठाकर ज्योति के सिर पर मार दी। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसने हत्या की बात कबूल की है। ज्योति के माता-पिता बिहार में रहते हैं। उन्हें सूचित कर दिया गया है। उनके फरीदाबाद पहुंचने पर पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
-सतीश कुमार, प्रभारी पल्ला थाना
