गुरुग्राम : प्लाज्मा दान करने से पहले व्यक्ति को पर्याप्त नींद लेना आवश्यक है और ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए। दो घंटे पहले व्यक्ति को उचित भोजन लेना चाहिए जबकि प्लाज्मा दान करने के कम से कम तीन दिन बाद तक कोई भी दवा या शराब का सेवन नहीं करना चाहिए। यह जानकारी सीएमओ डॉ. वीरेंद्र यादव ने शुक्रवार को दी। इस दौरान उन्होंने कोरोना संक्रमण को मात देकर स्वस्थ हो चुके लोगों से प्लाज्मा दान करने की अपील की।
उन्होंने प्लाज्मा दाताओं के लिए तमाम अहम सुझाव दिए और कहा कि प्लाज्मा दान करने से एक घंटे पहले धूम्रपान न करें। प्लाज्मा दान करने के बाद व्यक्ति को एक सप्ताह तक दूध, पनीर और डेयरी उत्पाद, हरी पत्तेदार सब्जियों समेत कैल्शियम युक्त भोजन लेना चाहिए। वहीं, प्लाज्मा दान करने के बाद कम से कम दो दिनों तक नींबू, अंगूर, मौसमी, संतरा, अचार, सिरका प्याज समेत अन्य खट्टे फल या फिर जूस का सेवन नहीं करना चाहिए। 2 से 3 दिन तक भारी व्यायाम भी नहीं करना चाहिए। सिविल सर्जन ने बताया कि प्लाज्मा दान पूरी तरह से सुरक्षित प्रक्रिया है। प्रक्रिया को पूरा करने में लगभग 2 घंटे लगते हैं। प्लाज्मा दान करने के कोई दुष्प्रभाव नहीं हैं इसलिए लोगों को मानवता का परिचय देते हुए मदद के लिए आगे आना चाहिए।
