फरीदाबाद : पुलिस की लक्ष्मण रेखा जिले के बाजारों को जाम से निजात दिलाएगी। पुलिस आयुक्त ओपी सिंह के निर्देश पर बाजारों में दुकानों के सामने तीन फुट जगह छोड़कर सड़क पर पीली पट्टी बनाई जाएगी। दुकानदारों को इस पट्टी के अंदर सामान रखना होगा। इससे बाहर सामान रखने वाले दुकानदार का चालान होगा, मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा। इस पीली पट्टी को पुलिस ने लक्ष्मण रेखा नाम दिया गया है। बाजारों में पीली पट्टी बनवाने और उसका पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी बीट प्रभारी पुलिसकर्मियों की होगी। कुछ बीट प्रभारियों ने बाजारों में पीली पट्टी बनवानी शुरू भी कर दी है। सबसे पहले एनआइटी तिकोना पार्क में पीली पट्टी बनवाई गई है।
इन बाजारों में लगता है सबसे ज्यादा जाम जाम से जूझने वाले बाजारों में सराय ख्वाजा, ओल्ड फरीदाबाद, एनआइटी-5, एनआइटी-1, एनआइटी-2 एनआइटी-3, सेक्टर-7-10, डबुआ, जवाहर कॉलोनी, बल्लभगढ़, फतेहपुर व तिगांव शामिल हैं। बाजारों में जाम का सबसे बड़ा कारण दुकानदारों का अतिक्रमण है। एक-दूसरे की देखा-देखी दुकानदार सामान सड़क पर आगे तक रख देते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और वाहनों का आवागमन बाधित होता है। पहले भी हो चुकी हैं बाजारों को अतिक्रमण से मुक्त करने की कोशिश
करीब छह साल पहले बल्लभगढ़ में तत्कालीन एसडीएम इंद्रपाल बिश्नोई ने बाजार में पीली पट्टी बनवाई थी। जब तक वे एसडीएम रहे, तब तक पीली पट्टी का पालन होता रहा। बाजार भी जाम से मुक्त हो गया। उनके तबादले के साथ ही बाजार में फिर से पुराना ढर्रा शुरू हो गया। संभवत: यह पहली बार है, जब बाजारों को अतिक्रमण मुक्त करने का श्रेय पूरी तरह पुलिस ने लिया है। बल्लभगढ़ बाजार में पीली पट्टी का प्रयोग काफी सफल रहा था। दुकानदारों ने भी इसका बखूबी पालन किया। हम इसका स्वागत करते हैं। अच्छी बात है अगर बाजार अतिक्रमण मुक्त हों।
-प्रेम खट्टर, प्रधान, हरियाणा व्यापार मंडल अतिक्रमण को लेकर सख्त कदम उठाए जाने की जरूरत है। बाजारों में पीली पट्टी बनवाया जाना एक अच्छा कदम होगा। सभी दुकानदारों को इसमें सहयोग करना चाहिए।
-जगदीश भाटिया, प्रधान, व्यापार मंडल फरीदाबाद हमारी कोशिश शहर के बाजारों को जाम मुक्त बनाने की है। दुकानदारों और व्यापारियों के साथ पिछले दिनों हुई बैठक में दुकानों के आगे पीली पट्टी बनाने का सुझाव आया था। यह एक बेहतर कदम होगा।
-ओपी सिंह, पुलिस आयुक्त फरीदाबाद
