फरीदाबाद : बैंक में मदद का झांसा देकर दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग के 30 हजार रुपये उड़ा लिए। बुजुर्ग की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डबुआ कॉलोनी निवासी अमरनाथ एस्कार्ट्स कंपनी से सेवानिवृत्त हैं। शनिवार को वे 30 हजार रुपये जमा कराने पंजाब नेशनल बैंक की नेहरू ग्राउंड शाखा में गए थे। फार्म भरकर वे रुपये जमा कराने वाली कतार में खड़े हो गए। तभी एक युवक उनके पास आया। उसने अमरनाथ से कहा आप बुजुर्ग हैं, बैठ जाइये। वह उनके रुपये जमा करा देगा। अमरनाथ ने मदद लेने से इन्कार कर दिया। तभी दूसरा युवक आया, उसने खुद को अनपढ़ बताते हुए अमरनाथ से फार्म भरने में मदद मांगी। अमरनाथ को उस पर तरस आ गया। उन्होंने रुपये पहले वाले युवक को थमाकर उसे कतार में लगा दिया। खुद दूसरे युवक का फार्म भरने लगे। थोड़ी देर बाद उन्होंने सिर उठाकर देखा कि कतार में से युवक गायब है। वे उसे तलाश करने लगे, वापस आए तो फार्म भरवाने वाला युवक भी गायब था। तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ और पुलिस को शिकायत दी। जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बैंक से सीसीटीवी फुटेज ली जाएगी। उसके आधार पर बुजुर्ग के रुपये उड़ाने वालों की तलाश शुरू होगी।
