नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा के 14 सितंबर यानी सोमवार को आयोजित होने वाले एक दिवसीय मानसून सत्र से पहले जांच में विधानसभा परिसर के तीन कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें एक विधानसभा की महिला सुरक्षा कर्मी, डिप्टी स्पीकर के निजी सचिव और एक अन्य कर्मचारी शामिल है। विधानसभा सत्र में शामिल होने के लिए सभी सदस्यों, स्टॉफ को आरटीपीसीआर टेस्ट की रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य है। इसी के तहत बृहस्पतिवार से विधानसभा परिसर में कोरोना जांच की सुविधा शुरू की गई है। विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गाेयल ने बताया कि बृहस्पतिवार को 214 लोगों की कोरोना सैंपल की जांच की गई। इनकी रिपोर्ट शुक्रवार को आई। इसमें तीन कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें महिला सुरक्षा कर्मी के परिवार के सदस्यों को भी टेस्ट के लिए बुलाया गया, जिनकी रैपिड एंटीजन में रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी संक्रमित लोगों को होम आईसोलेट कर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।

शुक्रवार को 29 विधायकों ने कराई जांच
विधानसभा परिसर में शुक्रवार को कुल 94 लोगों ने कोरोना सैंपल की जांच कराई। इसमें 29 विधायक शामिल है। इन सभी की रिपोर्ट शनिवार को आएगी। इसके अलावा विधानसभा परिसर में जाच की सुविधा रविवार को भी उपलब्ध होगी। सोमवार को सुबह के समय रैपिड एंटीजन से जाच की सुविधा मीडिया कर्मियों को उपलब्ध कराई जाएगी। टेस्ट रिपोर्ट दिखाने वाले मीडिया कर्मियों को सदन की मीडिया गैलरी में जाने की इजाजत मिलेगी।
