बल्लभगढ़ : नगर निगम में 26 गांवों को शामिल किए जाने की योजना के विरोध में शनिवार को युवा पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत की अध्यक्षता गांव मुजैड़ी के रहने वाले सुंदर कपासिया ने की। पंचायत में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि संबंधित युवा अपने-अपने गांव में एक हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे। डेढ़ लाख ग्रामीणों के हस्ताक्षर कराकर उपायुक्त के माध्यम से सरकार को विरोध पत्र भेजा जाएगा।

विरोध पत्र की प्रति केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, अन्य विधायकों को सौंपी जाएंगी। यदि फिर भी सरकार फैसले पर अडिग रही, तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान युवाओं ने सरकार व नगर निगम के खिलाफ नारे लगाए।
युवाओं को एकत्रित होता देखकर तिगांव के सहायक पुलिस आयुक्त पृथ्वी सिंह और थाना सदर प्रभारी सुभाष चंद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवाओं से कोरोना को देखते हुए शारीरिक दूरी बनाए रखने और ज्यादा संख्या में एकत्रित होने से मना किया। युवाओं ने कहा कि नगर निगम से अपने 40 वार्डो का विकास तो हो नहीं रहा। पहले निगम अपने वार्डों में विकास कराकर दिखाए, फिर खुद ग्रामीण ही निगम में शामिल होने की मांग करने लगेंगे।
नगर निगम को गांवों के विकास से कोई लेना-देना नहीं। निगम की निगाह सिर्फ इन 26 गांवों की संपदा और कोष पर है। निगम को अरबों रुपये की संपत्ति मिल जाएगी और उसका लंबे समय तक काम चलेगा। पंचायत के आयोजक जसवंत सैनी ने कहा कि अब युवा ऐसा नहीं होने देंगे।
इस मौके पर अजय डागर, विक्रांत गौड़, धीरज यादव, सुंदर, जीतू, देवेंद्र पवार, महीपाल आर्य, राजकुमार गोगा, जोगेंद्र पहलवान, अजीत भगत, संजीव, अरुण कौशिक, दीपक रावत, राधे पंडित, निशांत, मनोज, सुंदर लांबा, सुरेंद्र कीना, प्रेम सैनी, सतीश, राजेश, पवन ने पंचायत में अपने विचार रखे।
