फरीदाबाद : एटीएम में मदद के बहाने डेबिट कार्ड बदलकर ठगी करने वाला एक बदमाश क्राइम ब्रांच एनआइटी के हत्थे चढ़ा है। आरोपित की पहचान नूंह निवासी शब्बीर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने बल्लभगढ़ शहर थाना क्षेत्र में दो वारदातों को अंजाम दिया था।

आरोपित एटीएम के आस-पास मंडराता रहता था। जैसे ही कोई भोला व्यक्ति रुपये निकालने आता, मदद के बहाने उसका डेबिट कार्ड बदल लेता था। उससे पिन नंबर भी पूछ लेता। बाद में डेबिट कार्ड से रुपये निकाल लेता था। आरोपित को पूछताछ के बाद पुलिस ने अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे जेल भेज दिया है।
