बल्लभगढ़ : हर महीने के आखिरी रविवार को बाजार बंद करने पर बनी सहमति के बाद दुकानदारों से कराए गए हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन व्यापारियों ने एसडीएम अपराजिता को सौंप दिया। व्यापारियों का नेतृत्व वस्त्र व्यापार मंडल बल्लभगढ़ के अध्यक्ष संजय गुप्ता कर रहे थे। व्यापारियों ने एसडीएम से आखिरी रविवार को कोरोना को ध्यान में रखते हुए बाजार को सैनिटाइज कराने के लिए कहा है।

बल्लभगढ़ के व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों और सदस्यों ने वस्त्र व्यापार मंडल के प्रधान संजय गुप्ता की अध्यक्षता में 5 सितंबर को एक बैठक का आयोजन किया था। इस बैठक में सर्वसम्मति से महीने के आखिरी रविवार को बाजार बंद करने का फैसला लिया गया। एसडीएम ने व्यापारियों को बाजार बंद वाले दिन सैनिटाइज कराने का आश्वासन दिया है। एसडीएम से मिलने वालों में राजीव गोयल, प्रदीप मंगला, दीपक गर्ग पंकज जैन, मूलचंद सिगला, श्याम सुंदर मित्तल शामिल रहे।
