नई दिल्ली: मंडावली इलाके में गणेश नगर फ्लाईओवर पर ट्रक तथा ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की टक्कर में एक बाइक सवार की मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गए। हादसे में ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और ट्रक भी पलट गया। दुर्घटना में जख्मी हुए लोग ट्रैक्टर व ट्रक सवार थे और बाइक सवार ट्रैक्टर के पीछे चल रहा था। दरअसल, पुल की मरम्मत की वजह से एक ओर की सड़क बंद थी और दूसरी साइड पर ही पूरा ट्रैफिक चल रहा था।

घायलों को एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां बाइक सवार शख्स को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिस को क्रेन बुलाकर ट्रक और ट्रैक्टर को सड़क से हटवाया। मंडावली थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की शिनाख्त इंद्रा मार्ग, मंडावली निवासी रमेश कुश्वाह (50) के रूप में हुई है। रमेश ही ट्रैक्टर का मालिक था। हादसे के समय वह ट्रैक्टर ट्रॉली के ठीक पीछे चल रहा था। ट्रैक्टर बिहार निवासी फिरदौस (40) चला रहा था। वहीं ट्रक पर चालक के अलावा एटा निवासी गौरव (21) और विजय (29) सवार थे।
पुलिस के मुताबिक सिविक एजेंसी ने मदर डेयरी से लक्ष्मी नगर जाने वाले गणेश नगर फ्लाई ओवर को मरम्मत की वजह से एक ओर से बंद किया हुआ था। लक्ष्मी नगर से मदर डेयरी आने वाली सड़क पर दोनों साइड का ट्रैफिक चल रहा था। ट्रैक्टर और उसके पीछे बाइक सवार लक्ष्मी नगर की ओर जा रहे थे, जबकि कूड़े का ट्रक मदर डेयरी की ओर आ रहा था।
तेज रफ्तार ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रैक्टर का अगला और एक पिछला पहिया अलग हो गया और ट्रक पलट गया। ट्रक में कूड़े के अलावा जानवरों के अवशेष भरे थे। हादसे के बाद वहां चोरों ओर कूड़ा और जानवरों के अवशेष फैल गए। हादसे के बाद ट्रैक चालक मौके से फरार हो गया।
