नई दिल्ली: इंडिया गेट के पास कल सुबह एक ट्रैक्टर में आग लगा दी गई. आग लगाने वाले भगत सिंह के नारे लगा रहे थे. उनका कहना था कि वो किसानों से जुड़े बिल का विरोध कर रहे हैं. लेकिन आग लगाने वाले ये लोग किसान नहीं, बल्कि पंजाब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता थे. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पंजाब युवा कांग्रेस के सचिव संदीप सिंह भुल्लर भी हैं. सवाल दिल्ली पुलिस पर भी है कि पंजाब की नंबर प्लेट वाला ये ट्रैक्टर दिल्ली में कैसे आया. दिल्ली में जहां पर यह घटना हुई वो संसद भवन से सिर्फ लगभग 200 मीटर दूरी पर है.

यहां भगत सिंह के नाम पर राजनीति हुई. पंजाब यूथ कांग्रेस के कुछ नेता किसान बनकर किस तरह नारे लगा रहे थे और ट्रैक्टर जला रहे थे. यह सब देखकर आज भगत सिंह की आत्मा कितनी दुखी होगी. जब हमने इसकी पड़ताल की तो पता चला कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इस पुराने ट्रैक्टर को 19 सितंबर को बठिंडा के एक किसान हरमनदीप सिंह से 58 हजार रुपए में खरीदा था.
20 सितंबर को अंबाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में इसी ट्रैक्टर को जलाने की कोशिश की थी. लेकिन तब पुलिस ने उन्हें रोक दिया था. उसी ट्रैक्टर को कल सुबह एक मिनी ट्रक पर लादकर दिल्ली लाया गया. ट्रैक्टर के साथ लगभग 20 लोग भी थे. उन्होंने पहले कैमरों के आगे ट्रैक्टर में आग लगाई और फिर नारेबाजी शुरू कर दी. कैमरों के सामने ये पूरा तमाशा लगभग 15-20 मिनट तक चला.
क्या कोई किसान खुद अपना ट्रैक्टर जला सकता है?
देश का किसान जिन औजारों की पूजा करता है जिनसे वो खेती है करता है, फसल उगाता है और देश का पेट भरता है. जिस तरह से एक मध्यम वर्गीय नौकरी-पेशा आदमी एक कार का सपना देखता है, उसी तरह किसान का सपना होता है कि उसके पास खेती के लिए अपना ट्रैक्टर हो. फिर कोई किसान अपने सपने को कैसे तोड़ सकता है, उसे आग के हवाले कैसे कर सकता है. ऐसे लोग किसान या उनके हितैषी नहीं हो सकते जो बीच सड़क पर ट्रैक्टर को आग लगा दें. अब आपको बताते हैं कि एक किसान को ट्रैक्टर खरीदने के लिए कितनी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है.
नेशनल सैंपल सर्वे ऑफिस यानी NSSO के 2016 के आंकड़ों के अनुसार देश में किसानों की औसत सालाना कमाई मात्र 77 हजार रुपये है. यानी प्रति माह लगभग 6 हजार 400 रुपए. देश में एक ट्रैक्टर की कीमत 5 से 8 लाख रुपए तक है. ऐसे में 6 हजार रुपए प्रति महीने कमाने वाले किसान को यदि 5 लाख रुपये कीमत का ट्रैक्टर खरीदना है तो उसे बैंक से लोन लेना होता है.
