फरीदाबाद : जिला स्वास्थ्य विभाग की पीएनडीटी टीम ने मंगलवार को गाजियाबाद के लोनी इलाके में भ्रूण लिंग जांच करने वाले अल्ट्रासाउंड केंद्र पर छापा मारा। इसमें केंद्र के संचालक सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है। मौके पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मुख्य आरोपी टीम के साथ हाथापाई के दौरान फरार हो गया। जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोनी स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मिलकर अल्ट्रासाउंड केंद्र को सील कर दिया है।

किसी व्यक्ति ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में सूचना दी थी कि फरीदाबाद से गर्भवतियों को गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर ले जाकर भ्रूण की लिंग जांच की जाती है। इसकी एवज 10 से 50 हजार रुपये वसूले जाते हैं। सूचना के आधार पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणदीप सिंह पुनिया ने पीएनडीटी के इंचार्ज व उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश आर्या के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। टीम में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव भगत, डॉ. मनोज बजाज, औषधि निरीक्षक डॉ. संदीप गहलोत, चिकित्साधिकारी डॉ. राखी शामिल रहीं। इस मामले में सबसे पहले एक महिला को फर्जी ग्राहक बनने के लिए तैयार किया गया। महिला की सहमति होने के बाद उसने फरीदाबाद में रहने वाले दलाल कपिल से संपर्क किया। दलाल ने भ्रूण जांच की एवज में महिला से साढे 12 हजार रुपये की मांग की।
स्वास्थ्य विभाग ने महिला को साढ़े 12 हजार रुपये दे दिए। महिला को पैसे देने से पूर्व अधिकारियों ने सभी नोट के नंबर अपने पास नोट कर लिए थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम मंगलवार को महिला के साथ लोनी पहुंच गई। महिला को अकेले अल्ट्रासाउंड केंद्र में भेज दिया और खुद महिला के इशारे का इंतजार करने लगी। केंद्र संचालक डॉ. मोहम्मद औबेसी जब भ्रूण लिंग जांच कर रहा था तभी महिला का इशारा पाते ही टीम ने दबिश दी। इस दौरान केंद्र संचालक ने टीम पर हमला कर दिया। इस बीच टीम और आरोपियों के बीच हाथापाई भी हुई।
मौका पाकर केंद्र संचालक डॉ. मोहम्मद औबेसी फरार हो गया जबकि भ्रूण की जांच करवाने के लिए ले जाने वाले दलाल कपिल को टीम ने धर दबोचा। आरोपी कपिल से महिला द्वारा दिए गए साढ़े आठ हजार रुपये बरामद कर लिए है। इस संबंध में उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश आर्या ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, दूसरा फरार हो गया। दोनों के खिलाफ थाना लोनी में मामला दर्ज करवाया गया है। इसके साथ ही लोनी स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ केंद्र को सील कर दिया गया है।
