फरीदाबाद : पर्वतीया कॉलोनी चौकी क्षेत्र में सरपंच चौक के समीप एक वर्कशॉप में रविवार दोपहर बाद अचानक आग लग गई। गोदाम में रबड़ व केमिकल रखे होने के कारण तेजी से आग फैल गई व पड़ोस के एक मकान तक पहुंच गई। पुलिस को मामले की सूचना दी गई। एनआईटी फायर स्टेशन से दो गाड़ी मौके पर भेजी गईं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

एनआईटी फायर स्टेशन के एएफएसओ रमेश कुमार ने बताया कि उनकी टीम को 12.45 बजे एक वर्कशॉप के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर तुरंत दो दमकल की गाड़ी को भेज दिया गया। दोनों गाड़ियों की मशक्कत के बाद आग को काबू कर लिया गया। इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि यह गोदाम नंगला एंक्लेव पार्ट-दो गली नंबर दो में रहने वाले खेमचंद गोयल का है। घटना के समय उनके वर्कशॉप में एक कार, दो मोटर साइकिल व एक स्कूटी भी रखी हुई थी।
ये वाहन भी आग की चपेट में पूरी तरह से जल गए। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी थी। वर्कशॉप में केमिकल रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई व पड़ोस के एक मकान तक भी पहुंच गई थी। उस मकान में रखा सारा सामान भी जल गया। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
