फरीदाबाद : बिजली चोरों के खिलाफ जांच अभियान लगातार जारी है। शनिवार को निगम की एनआईटी-4 सब-डिवीजन टीम ने गांव बड़खल, अनखीर और मेवला महाराजपुर में छापा मारा। टीम ने यहां 20 घरों में बिजली चोरी पकड़ी है। सभी मुख्य लाइन पर कुंडी (कटिया) डाल कर उपकरण चला रहे थे। विभाग ने लोड का आकलन कर सभी पर करीब 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

बिजली निगम को कई दिनों से बड़खल और मेवला महाराजपुर गांव में बिजली चोरी की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर एक टीम गठित की गई। इस टीम में एसडीओ सत्तार खान, जेई कुलदीप सिंह, जेई कुलदीप शर्मा, अनिल, महेंद्र सहित लाइन स्टाफ शामिल रहे। टीम ने अल सुबह अनखीर, बड़खल और मेवला महाराजपुर में छापा मारा। जैसे ही ग्रामीणों को इसकी सूचना मिली, लोगों में अफरातफरी मच गई। कुछ लोग अपने घरों को छोड़ कर भाग गए। टीम ने यहां 20 घरों में कुंडी कनेक्शन पकड़े है।
एसडीओ सत्तार खान ने बताया कुछ घरों में मीटर लगे हुए थे, कुछ में नहीं थे। लोगों ने मुख्य लाइन पर कुंडी डाल रखी थी। जांच में करीब 10 लाख रुपये की बिजली चोरी पकड़ी गई है। जल्द सभी को नोटिस जारी किए जाएंगे और पुलिस में शिकायत दी जाएगी। समय पर जुर्माना न भरने पर जेल भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी करना जुर्म है। पकड़े जाने पर जुर्माने के साथ सख्त सजा का प्रावधान है। इसलिए बिजली चोरी न करें। नियमित कनेक्शन लें। विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
