नई दिल्ली : इंतज़ार खत्म! क्योंकि ‘मिर्ज़ापुर 2’ का ट्रेलर आज यानी 6 अक्टूबर को फाइनली रिलीज़ कर दिया गया है। अमेज़न प्राइम वीडियो की मोस्ट अवेटेड और मोस्ट फेमस क्राइम सीरीज़ ‘मिर्जापुर’ के दूसरे सीज़न ‘मिर्ज़ापुर 2’ का ट्रेलर आज दोपहर 1 बजे अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज़ किया गया है।

पहले ट्रेलर को 12 बजे रिलीज़ किया जाना था, इस बात की घोषण भी पहले ही की जा चुकी थी,लेकिन फिर इसे 1 बजे रिलीज़ किया गया है। ख़ैर, सीरीज़ तो 23 अक्टूबर को रिलीज़ होगी, लेकिन उससे पहले फिल्म के ट्रेलर का लोगों के बेसब्री से इंतज़ार था।
घायल गुड्डू पंडित लेंगे बदला :
अभी तक सीरीज़ के जो पोस्टर और टीज़र रिलीज़ किए गए हैं उसके हिसाब से अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि इस बार कहानी बदले के ऊपर निर्भर होने वाली है। एक टीज़र में घायल गुड्डू पंडित बदले की बात कर रहे हैं। उनको लगता है कि अगर दुश्मन को नहीं मारा, तो ज़िंदा बचना मुश्किल है। वहीं, गोलू गुप्ता भी सीज़न में बंदूक उठाती दिखेंगी। उनको भी बबलू पंडित की हत्या का बदला लेना है। चाहे, इसके लिए उन्हें क्राइम के दलदल में उतरना पड़े। आपको याद होगा मिर्ज़ापुर सीजन 1 में मुन्ना त्रिपाठी ने बबलू पंडित और गुड्डू पंडित की पत्नी स्वीटी हत्या कर दी थी। अब इस सीज़न में गोलू और गुड्डू उन्हीं का बदला लेंगे। इसके अलावा एक टीज़र में इस बात को दिखाने की कोशिश की गई है कि कालीन भईया अपनी विरासत मुन्ना त्रिपाठी को देने वाले हैं। हालांकि, मुन्ना के इरादे नेक नज़र नहीं आ रहे हैं।
इस बार ये होगी कास्ट :
अब क्योंकि बबलू यानी विक्रांत मेसी और और स्वीटी यानी श्रिया पिलगांवकर की हत्या हो चुकी है, इसलिए मिर्ज़ापुर 2 सीज़न में फैंस इन दोनों को मिस करने वाले हैं। लेकिन फैंस को इस बार कुछ नए चेहरे दिखाई देने वाले हैं। विजय वर्मा, प्रियांशु पेनयुली और ईशा तलवार की नई एंट्री होने वाली है। इसके अलावा पहले सीज़न से पंकज त्रिपाठी, अली फज़ल, दिव्येंदु शर्मा, श्वेता त्रिपाठी शर्मा, रसिका दुगल, हर्षिता शेखर गौड़, अमित सियाल, अंजुम शर्मा, शीबा चड्ढा, मनु ऋषि चड्ढा और राजेश तैलंग वापसी करने वाली है।
