मध्य प्रदेश के धार जिले में एक रोड एक्सीडेंट में छह मजदूरों की मौत हो गई है जबकि 20 अन्य घायल हो गए। यह घटना सोमवार-मंगलवार के बीच रात करीब 12.30 बजे तिरला थाना अंतर्गत इंदौर-अहमदाबाद हाइवे पर हुई। सभी मजदूर पिकअप वाहन से केसूर से सोयाबीन कटाई कर अपने क्षेत्र टांडा जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में पिकअप पंक्चर होने पर उसे ठीक करने के लिए ये लोग रास्ते में रुके, तभी एक टैंकर ने टक्कर मार दी। मरने वालों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, तिरला क्षेत्र में फोरलेन पर चिखलिया फाटे के पास ढाबे के सामने मजदूरों से भरा पिकअप पंक्चर हो गया। इसके बाद ड्राइव उतरकर टायर बदलने लगा, इस दौरान कुछ मजदूर भी मदद के लिए उतरकर नीचे आ गए। वहीं, बाकी सब वाहन में बैठे रहे। इस दौरान टैंकर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ मजदूर दूर जा गिरे, पिकअप वाहन में महिलाएं और बच्चे भी थे।
हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंची एंबुलेंस, दो डायल 100 समेत तकरीबन छह से ज्यादा वाहनों से घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहीं, कुछ घायलों को इंदौर भेज दिया गया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्यों को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मजूदरों ने बताया कि रात में टायर बदल जा रहा था। मजदूर पिकअप में बैठे थे। जबकि कुछ नीचे उतर कर ड्राइवर की मदद कर रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ। कई मजदूर टक्कर के बाद दूर जा गिरे। इससे वे घायल हुए और मौत हुई।
बताया जा रहा है कि मृतक टांडा कोदी के हैं, जिनमें तीन बालक भी शामिल हैं। हादसे में 10 साल के बालक जितेंद्र पिता कब्बू, 12 के रादेश पिता कैलाश, 40 साल के कुवरसिंह पिता दितला, 15 साल के संतोष पिता तेरसिंह, 35 साल की शर्मिला पति मोहब्बत और भूरीबाई पति मोहन की मौत हुई है।
